पुरैनिया मोड़ पर भीषण सड़क हादसा, महिला की मौत; पिता-पुत्री गंभीर रूप से घायल

बस और कार की टक्कर में गई महिला की जान, चालक फरार; पुलिस कर रही तलाश

सिकटा . मैनाटांड़-बेतिया मुख्य पथ पर बलथर थाना क्षेत्र के पुरैनिया मोड़ के समीप गुरुवार की सुबह बस और कार के बीच हुई भीषण टक्कर में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए सिकटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बेतिया रेफर कर दिया।

मृत महिला की पहचान श्रीनगर थाना क्षेत्र के पुजहा पटजीरवा स्थित शेखटोली गांव निवासी मोहम्मद जहांगीर खान की 40 वर्षीय पत्नी रवीना खातून के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में मोहम्मद जहांगीर खान और उनकी बेटी उजाला खातून गंभीर रूप से घायल हो गईं। उजाला मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के बसठा गांव की निवासी बताई गई हैं।

मैयत में शामिल होने जा रहा था परिवार

मिली जानकारी के अनुसार, शिवदानी बस मैनाटांड़ की ओर से बेतिया जा रही थी, जबकि कार बेतिया की ओर से आ रही थी। पुरैनिया मोड़ के समीप साइड लेने के दौरान दोनों वाहनों में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में सवार रवीना खातून की घटनास्थल पर ही मौत हो गई और दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल जहांगीर खान के अनुसार, उनका परिवार मरजद्वा के भेड़िहारी गांव में एक व्यक्ति की मौत के बाद आयोजित मिट्टी की रस्म में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही बस ने उनकी कार में टक्कर मार दी।

बस चालक फरार, पुलिस कर रही जांच

बलथर थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए बेतिया भेज दिया। दोनों घायलों को इलाज के लिए सिकटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां से उन्हें बेहतर उपचार के लिए बेतिया रेफर किया गया।

थानाध्यक्ष के अनुसार, हादसे के बाद बस चालक फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। बस और कार को थाने लाने की कार्रवाई भी की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

टिप्पणियाँ