नेपाल में आय बाढ़ के बाद गंडक नदी में जल स्तर बढ़ने का खतरा

तिब्बत में ग्लेशियल झील फटने की सूचना के बाद नेपाल की नारायणी समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। इससे बिहार में गंडक नदी के किनारे बसे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखते हुए लोगों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

Summary:

  • तिब्बत में ग्लेशियल झील फटने से बाढ़ का खतरा, गंडक नदी को लेकर हाई अलर्ट
  • नेपाल में बाढ़: कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा।
  • गंडक पर असर: नारायणी का पानी बिहार में गंडक को प्रभावित कर सकता है।
  • बगहा में अलर्ट: निचले इलाकों में निगरानी बढ़ाई गई।
  • लोगों को सावधानी: नदी किनारे रहने वालों को सतर्क रहने की सलाह।
  • प्रशासन की निगरानी: नेपाल की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

बगहा। तिब्बत में ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (जीएलओएफ) की सूचना के बाद नेपाल के गंडक (नारायणी) नदी बेसिन में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। नेपाल की कई नदियों के जलस्तर में अचानक वृद्धि की सूचना के बाद बिहार में भी गंडक नदी के किनारे बसे निचले और बाढ़ प्रभावित इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह नेपाल के गंडक-नारायणी नदी बेसिन में अचानक बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हुई। नेपाल के जल विज्ञान एवं मौसम विज्ञान विभाग की ओर से इसे संभावित ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड बताया गया है। त्रिशूली नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि की सूचना है। बाढ़ का पानी निचले इलाकों की ओर बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
मुग्लिन के पास मार्श्यांगदी नदी के संगम क्षेत्र में जलस्तर बढ़ने के बाद मुख्य नारायणी नदी में भी पानी बढ़ने की संभावना है। नारायणी नदी आगे चलकर बिहार में गंडक नदी के रूप में प्रवेश करती है। ऐसे में इसके जलस्तर में वृद्धि होने पर पश्चिम चंपारण के गंडक नदी से सटे इलाकों पर भी असर पड़ सकता है।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने गंडक नदी के निचले और बाढ़ संभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। लोगों से नदी के जलस्तर पर नजर रखने तथा स्थिति बिगड़ने की स्थिति में तत्काल सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने को कहा गया है।
बगहा में प्रशासन की ओर से भी लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। अधिकारियों ने गंडक नदी के किनारे बसे लोगों से अफवाहों से बचने और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। नेपाल में जलस्तर और संभावित बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

टिप्पणियाँ