सिकटा | इंडो-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बलथर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.62 करोड़ रुपये मूल्य का 161.29 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार करने के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो कारों को भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई बलथर थाना से करीब 200 मीटर दूर गैस गोदाम के पास की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो कारों से भारी मात्रा में गांजा भारतीय क्षेत्र के अन्य हिस्सों में ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने संभावित मार्ग पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी।
इसी दौरान सिकटा की ओर से दो कारों को आते देख पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली गई तो उनमें छिपाकर रखे गए 17 बंडलों में कुल 161.29 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। भारी मात्रा में गांजा मिलने के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों में सवार तीनों लोगों को तत्काल हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने कार्रवाई की सूचना प्रखंड विकास पदाधिकारी जयप्रकाश को दी। सूचना पर मौके पर पहुंचे बीडीओ की देखरेख में आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मैनाटांड़ थाना क्षेत्र के मैनाटांड़ निवासी सब्जाद मियां, भंगहा थाना क्षेत्र के नकरदेही गांव निवासी आलम तथा सुग्रीव प्रसाद के रूप में हुई है।
पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही टाटा टैंगो कार (BR 05Y 1537) और होंडा अमेज कार (BR 01BS 0555) को भी जब्त किया है।
बलथर थानाध्यक्ष ओम प्रकाश गुप्ता ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर तीनों गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। बरामद गांजा और जब्त दोनों वाहनों को थाना लाया गया है।
पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ 62 लाख रुपये आंकी गई है। सीमा क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में गांजे की खेप पकड़े जाने के बाद तस्करी से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मच गया है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे भारतीय क्षेत्र में कहां पहुंचाया जाना था।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
Tell Your Opinion here!