17 दिन से लापता 11 वर्षीय गौतम का गंडक नदी से शव बरामद, परिजनों में मचा कोहराम

बगहा . नगर थाना क्षेत्र के रत्नमाला के पास गंडक नदी से गुरुवार को 17 दिनों से लापता 11 वर्षीय गौतम कुमार का शव बरामद किया गया। बच्चे का शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों और ग्रामीणों को मिली, इलाके में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

गौतम कुमार नगर परिषद के वार्ड नंबर 26 स्थित रामधाम मंदिर निवासी तुलसी साह का 11 वर्षीय पुत्र था। वह पिछले 17 दिनों से लापता था। उसके लापता होने के बाद से परिजन और ग्रामीण लगातार उसकी तलाश में जुटे थे। काफी खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने उसके अपहरण की आशंका जताई थी।

गौतम की बरामदगी की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने चार अगस्त को सड़क जाम कर प्रदर्शन भी किया था। इस दौरान लोगों ने पुलिस और प्रशासन से बच्चे की जल्द बरामदगी की मांग की थी। प्रदर्शन के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज करते हुए गौतम की तलाश शुरू कर दी थी।

इसी बीच गुरुवार को रत्नमाला के पास गंडक नदी में एक बच्चे का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। जांच के दौरान शव की पहचान लापता गौतम कुमार के रूप में हुई। एसडीपीओ निहार भूषण ने शव बरामद होने की पुष्टि की है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

गौतम की मौत की खबर से उसके परिवार के साथ-साथ आसपास के लोगों में भी शोक की लहर है। 17 दिनों से बेटे की तलाश में जुटे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

टिप्पणियाँ