सिकटा। इंडो-नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी जवानों ने मानव तस्करी की आशंका में एक युवक के साथ दो युवतियों को हिरासत में लिया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पूछताछ के दौरान युवक द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिए जाने पर एसएसबी ने मामले की सूचना मानव तस्करी रोधी इकाई को दी। इसके बाद प्रयास जुबेनाइल एड सेंटर, बेतिया और स्वच्छ संस्था, रक्सौल की टीम को मौके पर बुलाया गया।
छानबीन के दौरान सामने आया कि दोनों युवतियां अलग-अलग राज्यों की रहने वाली हैं और चेन्नई में सिलाई का काम करती थीं। एक युवती की पहचान ओडिशा के बरगढ़ जिले के झाखन मडारपुरी थाना क्षेत्र के छुछापली गांव निवासी अमरूत नाग की 23 वर्षीय पुत्री उर्वर्षी नाग के रूप में हुई है। वहीं दूसरी युवती छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बलौरा थाना क्षेत्र के धपनगीर गांव निवासी छत्रराम अनंत की 17 वर्षीय पुत्री आस्था अनंत बताई गई है।
हिरासत में लिए गए युवक की पहचान सीतामढ़ी थाना क्षेत्र के सीतामढ़ी मुड़ली चौक वार्ड संख्या-19 निवासी मो. ईशा के 39 वर्षीय पुत्र मो. मुस्तकीम के रूप में हुई है।
युवती ने सुनाई पूरी कहानी
प्रयास संस्था की टीम ने दोनों युवतियों से अलग-अलग पूछताछ की। उर्वर्षी नाग ने बताया कि वह चेन्नई में सिलाई का काम करती थी। इसी दौरान उसकी पहचान सीतामढ़ी के एक युवक शंकर यादव से हुई। उसके अनुसार, बाद में उसे पता चला कि शंकर यादव मुस्लिम है और उसने हिंदू नाम से कथित तौर पर फर्जी आधार कार्ड बनवा रखा था। इसके बाद उसे यह भी जानकारी मिली कि वह नेपाल का रहने वाला है।
उर्वर्षी के अनुसार, शंकर के कहीं चले जाने के बाद वह अपनी सहेली के साथ उसकी तलाश में चेन्नई से सीतामढ़ी पहुंची। वहां स्टेशन पर उसकी मुलाकात मो. मुस्तकीम से हुई। युवतियों ने उसे पूरी बात बताई। आरोप है कि मुस्तकीम ने शंकर से मिलाने का भरोसा दिलाकर दोनों को सिकटा ले आया और बाद में भीसवा की ओर ले गया। लौटने के दौरान एसएसबी जवानों ने दोनों युवतियों और युवक को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ और प्रारंभिक जांच के बाद प्रयास संस्था के पवन कुमार ने लिखित आवेदन के साथ दोनों युवतियों और हिरासत में लिए गए युवक को सिकटा पुलिस के हवाले कर दिया।
इस संबंध में सिकटा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार मौर्य ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
Tell Your Opinion here!