नरकटियागंज। पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज अनुमंडल के शिकारपुर थाना में निगरानी विभाग ने सोमवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सहायक अवर निरीक्षक (ASI) को चार हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार पुलिस पदाधिकारी की पहचान उपेंद्र प्रसाद विद्यार्थी, सहायक अवर निरीक्षक, थाना-शिकारपुर के रूप में हुई है।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना की मुख्यालय टीम ने यह कार्रवाई 24 अगस्त 2026 को की। निगरानी विभाग के अनुसार, शिकारपुर थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव निवासी अमृत कुमार, पिता रामसागर चौधरी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पिता के खिलाफ बिजली चोरी से संबंधित शिकारपुर थाना कांड संख्या-794/26, दिनांक 12 अगस्त 2026, धारा 135 के तहत दर्ज मामले में बेल देने के एवज में आरोपी पुलिस पदाधिकारी द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने उसका सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने पर निगरानी थाना में कांड संख्या-101/26, दिनांक 21 अगस्त 2026 दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस निरीक्षक अरिमत कुमार के नेतृत्व में तथा पुलिस उपाधीक्षक सतीश चंद्र माधव की निगरानी में धावादल का गठन किया गया।
सोमवार को धावादल ने पूर्व निर्धारित योजना के तहत कार्रवाई की। हाईस्कूल चौक उर्फ शहीद चौक, शिकारपुर, नरकटियागंज में ASI उपेंद्र प्रसाद विद्यार्थी को चार हजार रुपये रिश्वत लेते निगरानी टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी ASI से पूछताछ की गई। निगरानी विभाग के अनुसार, पूछताछ के उपरांत उसे विशेष न्यायालय, निगरानी, मुजफ्फरपुर में प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की अनुसंधानात्मक एवं कानूनी कार्रवाई जारी है।
शिकारपुर थाने में पहले भी हो चुकी है कार्रवाई
शिकारपुर थाना में निगरानी विभाग की यह कार्रवाई इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि इससे पहले भी इसी थाना में पदस्थापित एक महिला पुलिस पदाधिकारी के खिलाफ कथित रिश्वतखोरी के मामले में निगरानी विभाग ने कार्रवाई की थी। अब दोबारा इसी थाने के एक ASI की रिश्वत लेते गिरफ्तारी से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
निगरानी विभाग की ताजा कार्रवाई ने पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज कर दी है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
Tell Your Opinion here!