सगे भाई ने चाकू से गोदकर भाई की निर्मम हत्या, बैरिया में सनसनी

बेतिया। पश्चिम चंपारण जिले के बैरिया थाना क्षेत्र के हाट सरैया वार्ड संख्या-2 में सगे भाई द्वारा अपने ही भाई की चाकू से गोदकर हत्या किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। 

फाइल फोटो 

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही बैरिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया तथा आरोपित भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान रहमतुल्लाह मियां के पुत्र इब्राहिम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, इब्राहिम और उसके सगे भाई के बीच मोटरसाइकिल को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। हालांकि, परिवार के अन्य सदस्यों को यह अंदाजा नहीं था कि विवाद इतना गंभीर रूप ले लेगा।

मृतक के पिता ने बताया कि सुबह करीब सात से आठ बजे के बीच परिवार के अधिकांश सदस्य घर में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपित भाई घर का दरवाजा खोलकर अंदर घुसा और इब्राहिम पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गर्दन पर कई वार किए जाने से इब्राहिम गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। परिजन जब तक उसे बचाने का प्रयास करते, तब तक उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बैरिया थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, आवश्यक साक्ष्य जुटाए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया।

मृतक के परिजनों ने सगे भाई पर हत्या का आरोप लगाते हुए उसके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को हिरासत में ले लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।

बैरिया थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद का प्रतीत होता है, लेकिन सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषी के विरुद्ध विधिसम्मत एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी।

टिप्पणियाँ