बेतिया में छात्र संघ ने सत्र 2025–29 के नामांकन को लेकर संभावित गड़बड़ियों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। जिला अध्यक्ष अभिमन्यु राव ने नामांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग करते हुए कहा कि छात्रों से जुड़े सभी अभिलेख सार्वजनिक किए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर रोक लग सके।
मुख्य बिंदु:
- सत्र 2025–29 के नामांकन में पारदर्शिता को लेकर छात्र संघ ने गंभीर आपत्ति जताई।
- नामांकित विद्यार्थियों की शुल्क रसीद और SBI Collect रेफरेंस नंबर की सूची सार्वजनिक करने की मांग।
- 16 फरवरी को दिए गए मांग पत्र पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप।
- कॉलेज में पेयजल संकट, बंद कैंटीन, ठप हेल्थ सेंटर और अनियमित एकाउंट्स काउंटर जैसी समस्याएं।
- 6 मार्च तक समाधान नहीं होने पर लोकतांत्रिक आंदोलन की चेतावनी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
AISA के कॉलेज मोहित शर्मा के नेतृत्व में आज MJK College प्राचार्य को मांग पत्र सौंपा गया।
बेतिया | जिला अध्यक्ष अभिमन्यु राव ने कहा कि सत्र 2025–29 के नामांकन में संभावित गड़बड़ी को लेकर गंभीर प्रश्न उठाए गए हैं। पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु नामांकित विद्यार्थियों की शुल्क भुगतान रसीदों तथा SBI Collect के रेफरेंस नंबर की सूची सार्वजनिक करने की मांग की गई है। छात्र संघ का कहना है कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए और छात्रों को समस्त अभिलेख उपलब्ध कराए जाने चाहिए।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 16 फरवरी को भी महाविद्यालय प्रशासन को एक मांग पत्र सौंपा गया था, परंतु उसमें उठाई गई मांगों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लाखों रुपये की लागत से निर्मित वाटर टावर अब तक सुचारु रूप से चालू नहीं किया गया है, जिससे पेयजल संकट बना हुआ है। परिसर में डस्टबिन की व्यवस्था नहीं की गई है, कैंटीन बंद पड़ी है, हेल्थ सेंटर वर्षों से ठप है तथा एकाउंट्स काउंटर नियमित रूप से संचालित नहीं हो रहा है, जिसके कारण छात्र-छात्राओं को आवश्यक दस्तावेज समय पर प्राप्त नहीं हो पा रहे हैं।
छात्र संघ ने प्रशासन से मांग की है कि उपर्युक्त सभी समस्याओं का समाधान 6 मार्च तक सुनिश्चित किया जाए। यदि निर्धारित तिथि तक कार्रवाई नहीं होती है, तो छात्र हित में आगे लोकतांत्रिक एवं संगठनात्मक कदम उठाए जाएंगे, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
Tell Your Opinion here!