कालीबाग मंदिर पोखर में मिले युवक के शव की गुत्थी सुलझी, सीसीटीवी फुटेज से आत्महत्या की पुष्टि

बेतिया । शहर के ऐतिहासिक कालीबाग मंदिर परिसर स्थित पोखर में मंगलवार को मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने पूरी तस्वीर स्पष्ट कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर  इसे आत्महत्या का मामला बताया जा रहा है।

मृतक की पहचान मनुआपुल थाना क्षेत्र के भरपटिया गांव निवासी मोहम्मद हसनैन के पुत्र सलीम (उम्र करीब 35 वर्ष) के रूप में हुई है। सलीम पाँच बेटियों के पिता थे और स्थानीय लोगों के बीच एक कुशल व मेहनती कारीगर के रूप में जाने जाते थे। वे बढ़ई का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे और अपने हुनर के कारण इलाके में उनकी अच्छी पहचान थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे सलीम मीना बाजार में एक दुकान पर बैठे हुए थे। इस दौरान उन्होंने जंगी मस्जिद की ओर खड़े होकर दोनों हाथ उठाकर कुछ कहा। इसके बाद उन्होंने एक परिचित से खाने के लिए कुछ पैसे लिए और यह कहकर वहां से चले गए कि थोड़ी देर आराम करने के बाद फिर मुलाकात होगी।

शाम करीब 4 बजे सलीम कालीबाग मंदिर के गेट के बाहर पहुंचे। उन्होंने अपनी साइकिल गेट के पास खड़ी की, जिसमें एक बैग रखा हुआ था। बैग के अंदर कुछ कपड़े, मोबाइल चार्जर और अन्य सामान मिला है। प्रत्यक्ष विवरण के अनुसार, उन्होंने शर्ट उतारकर कमर में बांध ली, चप्पल बाहर उतारी, काला चश्मा पहने हुए मंदिर परिसर में प्रवेश किया और पोखर के चारों ओर लगे ग्रिल को पार करते हुए सीढ़ियों से शांतिपूर्वक पानी की ओर बढ़े। इसके बाद उन्होंने पोखर में छलांग लगा दी। कुछ देर तक तैरने के बाद वह पानी में डूब गए।

यह पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज के अनुसार घटना का समय दोपहर 3:59 बजे बताया जा रहा है। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने पोखर के किनारे शव तैरता देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कालीबाग ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की। काफी मशक्कत के बाद मृतक की पहचान हो सकी।

सूत्रों के मुताबिक, सलीम का इलाज गोरखपुर में दिमाग में लगी पुरानी चोट के कारण चल रहा था और वह मानसिक रूप से परेशान भी बताए जा रहे थे। शव का पोस्टमार्टम जीएमसीएच बेतिया में कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

फिलहाल पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले सामान और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले को आत्महत्या मानते हुए आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली है। घटना के बाद से इलाके में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।

टिप्पणियाँ