भितहा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जहां एक महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति ने धनहा पुल से उसे गंडक नदी में फेंक दिया। तेज धारा में बह रही महिला को मछुआरों और ग्रामीणों ने सेमरबारी ठोकर के पास सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस ने महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई गई।
मुख्य बिंदु:
- पति पर पत्नी को धनहा पुल से गंडक नदी में फेंकने का आरोप।
- तेज धारा में बह रही महिला को मछुआरों ने देखा।
- ग्रामीणों की मदद से महिला को सेमरबारी ठोकर के पास बचाया गया।
- पुलिस ने महिला को भितहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
- इलाज के बाद महिला की हालत सामान्य, स्वजनों को सूचना दी गई।

AI Representation
भितहा | मंगलवार की रात एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी को गंडक नदी में फेंकने का मामला सामने आया है। नदी की तेज धारा में बह रही महिला को आसपास मछली पकड़ रहे मछुआरों और ग्रामीणों ने सेमरबारी ठोकर के समीप नदी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद घटना की सूचना भितहा पुलिस को दी गई।
पुलिस ने महिला को अपने वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भितहा पहुंचाया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई गई। मंगलवार की रात उक्त महिला का पति बाईक से उसे धनहा पुल पर लेकर पहुंचा था। आरोप है कि पुल पर पहुंचने के बाद उसने महिला को उठाकर गंडक नदी में फेंक दिया।
नदी की तेज धारा में बहती हुई महिला कुछ दूर तक चली गई और भितहा थाना क्षेत्र के सेमरबारी ठोकर के समीप पहुंच गई। वहां आसपास मछली पकड़ रहे मछुआरों की नजर महिला पर पड़ी। मछुआरों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से महिला को नदी से बाहर निकाला गया।
भितहा प्रभारी थानाध्यक्ष दीपा कुमारी ने बताया कि महिला ने अपना नाम प्रियंका साहनी, पिता मदन, ग्राम कोलूहा, थाना -कोठीबारी, जिला -महाराजगंज (यूपी )बताया है। महिला का मायका लवनहा, थाना- पिपराइच बताया गया है।
ग्रामीणों की सूचना पर सेमरबारी ठोकर से महिला को पुलिस द्वारा भितहा पीएचसी लाया गया, जहां उसका इलाज कराया गया। उपचार के बाद महिला ठीक है। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला ने अपने पति पर उसे गंडक नदी में फेंकने का आरोप लगाया है। फिलहाल महिला को थाने में सुरक्षित रखा गया है और उसके स्वजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। स्वजनों के थाने पहुंचने की बात भी बताई गई है।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
Tell Your Opinion here!