दो आरोपी गिरफ्तार, चाकू, खून से सना पैंट और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद
बेतिया। पश्चिम चंपारण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मनुआपुल थाना क्षेत्र में हुई एक हत्या का महज तीन घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है तथा उनके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, खून से सना जींस पैंट और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, गुरुवार सुबह लगभग 8:30 बजे मनुआपुल थाना क्षेत्र में एक अज्ञात युवक की धारदार हथियार से हत्या कर शव को श्रीनगर रेलवे ढाला के समीप फेंक दिए जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर-1) अजीत कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया।
जांच टीम ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए तीन घंटे के भीतर मृतक की पहचान शेख असलम (23 वर्ष) के रूप में की। वह मूल रूप से गौनाहा थाना क्षेत्र का रहने वाला था और वर्तमान में मनुआपुल स्थित अपनी नानी के घर, मेहंदिया बाड़ी में रह रहा था।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए शाहिद खां उर्फ शाहिद खान (21 वर्ष) तथा मैनुद्दीन खां उर्फ मैनुद्दीन खान (दोनों निवासी वार्ड संख्या-7, थाना गौनाहा, पश्चिम चंपारण) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक शेख असलम का उनकी बहन से संपर्क था और वह परिवार की इच्छा के विरुद्ध उससे शादी करना चाहता था। इसी बात से आरोपी लंबे समय से नाराज थे। इसी रंजिश के चलते उन्होंने शेख असलम की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डैगर चाकू, खून से सना जींस पैंट तथा काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या BR22BS4097) बरामद कर ली।
इस संबंध में मनुआपुल थाना कांड संख्या 126/26, दिनांक 23 जुलाई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1)/3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास का भी सत्यापन किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने हत्या जैसे गंभीर मामले का त्वरित उद्भेदन करने वाली एसआईटी टीम की सराहना की है। इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 अजीत कुमार, प्रशिक्षु डीएसपी राजेश कुमार, गौनाहा एवं मनुआपुल थाना की पुलिस टीम तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
Tell Your Opinion here!