बेतिया में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने 7 लोगों को रौंदा, 2 की मौत: बाइक को टक्कर मारने के बाद होटल में घुसी गाड़ी, दो बच्चे समेत 5 घायल
![]() |
| AI Representation |
बेतिया | पश्चिम चंपारण के मंझौलिया थाना क्षेत्र स्थित लालसरैया चौक पर रविवार देर शाम तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने सड़क पर कहर बरपा दिया। गाड़ी ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी, इसके बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक होटल में जा घुसी। हादसे में कुल 7 लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो युवकों की मौत हो गई, घायलों में दो बच्चे भी शामिल हैं।
हादसे में मृतकों की पहचान मोहम्मद ओसामा और दूसरे युवक मोहम्मद खालिद उर्फ सोनू के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग 26 साल बताई गई है। ओसामा बेतिया के नगर थाना क्षेत्र स्थित द्वारदेवी चौक निवासी नियाज आलम के बेटे थे। वहीं, दूसरे युवक के पिता का नाम मोहम्मद सोहेब आलम बताया गया है।
तीन महीने पहले हुई थी ओसामा की शादी
मोहम्मद ओसामा के पिता ने बताया कि उनके बेटे की शादी महज तीन महीने पहले हुई थी। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। जिस घर में कुछ महीने पहले शादी की खुशियां थीं, वहां अब गम का माहौल है। बताया जा रहा है कि मोहम्मद ओसामा के कुल 3 भाई और ## बहन थे, जिसमें ओसामा सबसे बड़ा था।
ओसामा के पिता ने बताया कि ओसामा और खालिद बचपन के दोस्त हैं और सुगौली से किसी काम से लौट रहे थे।
घायलों में दो बच्चे समेत एक ही परिवार के 4 लोग
हादसे में घायल लोगों की पहचान लालसरैया निवासी 48 वर्षीय अशोक चौधरी, 41 वर्षीय लचिना चौधरी, 12 वर्षीय आराध्या कुमारी, 7 वर्षीय अनमोल चौधरी और 60 वर्षीय विनोद चंद्र सिंह के रूप में हुई है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 अजीत कुमार ने बताया कि एक ही परिवार के चार घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। वहीं, एक घायल की स्थिति सामान्य है और उसका इलाज जीएमसीएच में चल रहा है।
पुलिस ने स्कॉर्पियो जब्त कर चालक को किया गिरफ्तार
हादसे के बाद मंझौलिया थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो चालक शाहिद आलम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को भी जब्त कर लिया है। मौके पर मौजूद लोगो का कहना है कि स्कॉर्पियो ड्राइवर नशे में था, ऐसे में सच्चाई क्या है इसकी जांच पुलिस के रही है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
Tell Your Opinion here!