बेतिया | जिले के पत्रकारों की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को वरीय पत्रकार मोहन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
![]() |
| वरीय पत्रकार मोहन सिंह की अध्यक्षता में बैठक |
बैठक में हाल ही में गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH) में समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों के साथ इंटर्न छात्रों द्वारा किए गए दुर्व्यवहार, मारपीट एवं मोबाइल छीनने की घटना पर कड़ा आक्रोश जताया गया। इस संबंध में सर्वसम्मति से निंदा प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक में पत्रकारों ने कहा कि डॉक्टरों को समाज में भगवान का दर्जा दिया जाता है, लेकिन इसके बावजूद जीएमसीएच में आए दिन मरीजों, उनके परिजनों और अब पत्रकारों के साथ हो रही मारपीट की घटनाएं अत्यंत निंदनीय हैं। यह स्थिति न केवल अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है, बल्कि जिले की प्रशासनिक व्यवस्था की पोल भी खोलती है।
पत्रकारों ने आरोप लगाया कि जीएमसीएच के कुछ इंटर्न छात्र लगातार गुंडागर्दी पर उतारू हैं। स्थिति यहां तक पहुंच गई है कि वे अब पत्रकारों से भी उलझने लगे हैं। पत्रकारों के साथ हुई मारपीट और मोबाइल छीनने की घटना अस्पताल में व्याप्त अराजकता को उजागर करती है। चिंता की बात यह है कि बार-बार ऐसी घटनाओं के बावजूद अस्पताल प्रबंधन और जिला प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।
डीएम से मिलेगा शिष्टमंडल, कार्रवाई की मांग
बैठक में पत्रकार हित में कई अहम प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें पत्रकारों से हुए दुर्व्यवहार और मारपीट की उच्चस्तरीय जांच, दोषी इंटर्न छात्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, तथा पत्रकारों को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग प्रमुख रही। इस संबंध में पत्रकारों का एक शिष्टमंडल शीघ्र ही जिलाधिकारी से मिलकर ज्ञापन सौंपेगा।
पत्रकारों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने इस मामले में शीघ्र और ठोस कार्रवाई नहीं की, तो वे चरणबद्ध आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
बैठक में सुधीर कुमार, सुनील आनंद, कृष्णकांत मिश्र, गणेश वर्मा, एम. शकील, श्रीनिवास गौतम, रमेंद्र गौतम, सुमित कुमार, छोटेलाल भगत, कैलाश कुमार, जितेंद्र कुमार, मुन्ना राज, अजय कुमार शर्मा सहित बड़ी संख्या में जिले के पत्रकार उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
Tell Your Opinion here!