भीषण सड़क हादसा: एक ही परिवार के तीन लोगों समेत चार की मौत, चार गंभीर घायल

बेतिया | पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत कुल चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह भीषण हादसा आज(बुधवार) दोपहर करीब 1:30 बजे एनएच-727 पर नवका टोला फुलवरिया के समीप हुआ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नया टोला, बेतिया निवासी एक परिवार टेंपो से छपवा स्थित वाटर पार्क घूमने जा रहा था। इसी दौरान मोतिहारी की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप वाहन ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

File photo

इस हादसे में नया टोला निवासी शकील खान की पत्नी रुबीना खातून (30 वर्ष), उनका पुत्र जैद खान (7 वर्ष)—जो दिल्ली पब्लिक स्कूल के एलकेजी का छात्र था—और रुबीना के मामा गुलाम सरवर की पुत्री आयशा खातून (लगभग 20 वर्ष) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इसके अलावा टेंपो चालक, जो झखराहा, सुगौली का निवासी बताया जा रहा है, ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे में गंभीर रूप से घायल होने वालों में शकील खान की पुत्री मिन्नत परवीन (12 वर्ष), मनसा टोला निवासी अफरोज खान की पुत्री रिफत परवीन, तथा रुबीना के रिश्तेदार वासी अख्तर के पुत्र चांद खान (25 वर्ष, निवासी मोतिहारी) शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (GMCH) बेतिया में भर्ती कराया गया। चांद खान की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप चालक शंकर शर्मा, निवासी तीन लालटेन, बेतिया, शराब के नशे में था और लापरवाही से वाहन चला रहा था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे, जिसके बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बताया गया कि स्कूल से छुट्टी के बाद परिवार के सभी सदस्य बच्चों को घुमाने वाटर पार्क जा रहे थे, लेकिन यह खुशियों भरी यात्रा मातम में तब्दील हो गई। मृतका रुबीना खातून के पति शकील खान पिछले सात महीनों से विदेश में नौकरी कर रहे हैं। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।

टिप्पणियाँ