योगापट्टी : पश्चिम चंपारण जिले के योगापट्टी प्रखंड अंतर्गत नवलपुर गांव के अग्निवीर मनीष कुमार (पिता–मोहन प्रसाद) की कारगिल में ड्यूटी के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में मौत हो गई।
घटना 13 मार्च 2026 की बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार मनीष कुमार अक्टूबर 2023 में अग्निवीर के रूप में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और फिलहाल कारगिल में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान वे अपने तीन अन्य साथियों के साथ मौजूद थे।
इसी बीच अचानक पहाड़ का एक हिस्सा टूटकर उन पर गिर पड़ा, जिससे सभी जवान मलबे में दब गए। इस हादसे में मनीष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों का इलाज सेना के अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही नवलपुर गांव सहित पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जाता है कि मनीष अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। परिजनों के अनुसार उनका पार्थिव शरीर 15 मार्च की सुबह तक गांव पहुंचने की संभावना है। नवलपुर पंचायत के मुखिया सविता देवी एवं मुखिया प्रतिनिधि संतोष राम समेत ग्रामीणों ने सरकार से परिवार को मुआवजा और नौकरी देने की मांग की है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें
Tell Your Opinion here!