लौरिया में रसोई गैस सिलेंडर फटने से 11 लोग झुलसे, सभी बेतिया रेफर

लौरिया नगर पंचायत में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जब युनियन बैंक के सामने स्थित एक मीट दुकान पर रसोई गैस का छोटा सिलेंडर फट गया। विस्फोट इतना भीषण था कि दुकान में मौजूद लोगों के साथ-साथ आसपास के दुकानदार और राहगीर भी इसकी चपेट में आ गए। इस घटना में 11 लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बेतिया रेफर किया गया।

मुख्य बिंदु:

  1. दिनदहाड़े हुए सिलेंडर विस्फोट से इलाके में अफरातफरी मच गई, 11 लोग गंभीर रूप से झुलसे।
  2. सभी घायलों को पहले लौरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, फिर हालत गंभीर होने पर बेतिया रेफर किया गया।
  3. घायलों में दुकानदार, स्थानीय लोग और दो मासूम बच्चियां भी शामिल हैं।
  4. पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू की, प्रारंभिक कारण गैस रिसाव बताया जा रहा है।
  5. सीओ ने दुकानदारों को घरेलू सिलेंडर की जगह कमर्शियल सिलेंडर इस्तेमाल करने और सुरक्षा मानकों का पालन करने की सख्त चेतावनी दी।

लौरिया| नगर पंचायत लौरिया में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुए एक हादसे ने अफरातफरी मचा दी। युनियन बैंक के सामने स्थित ठेला वाला एक मीट दुकान पर लगभग साढ़े बारह बजे रसोई गैस का छोटा सिलेंडर अचानक भड़ककर फट गया। विस्फोट इतना तेज था कि दुकान में मौजूद लोगों के साथ-साथ आसपास के दुकानदार और राहगीर भी इसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में कुल 11 लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लौरिया पहुंचाया गया। वहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रौशन कुमार ने प्राथमिक उपचार किया। गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए बेतिया रेफर कर दिया गया।

घायलों में दुकानदार गोविंद राय (34 वर्ष), निवासी भरवाटोली लौरिया, विनय कुमार शुक्ला (32 वर्ष) थाना जोगापट्टी, गुलाब पटेल कटैया लौरिया, प्रेमनाथ कुमार (25 वर्ष) लौरिया, अमरजीत कुमार (30 वर्ष) सानी बरवा थाना नवलपुर, नितीश कुमार (25 वर्ष) थाना पकड़ी धांगड़टोली, कृष्णा ठाकुर (35 वर्ष) लौरिया, भूल देवी (35 वर्ष) धर मकता थाना चौतरवा, बेबी कुमारी (5 वर्ष) धर मकता, सीता देवी (बिनटोली लौरिया) तथा बेबी कुमारी (7 वर्ष) लौरिया शामिल हैं। 

सभी की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारियों की भीड़ लग गई। सभापति प्रतिनिधि संजय कुमार, मनु कुमार, सीओ नितेश कुमार सेठ और थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा समेत कई लोग अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। 

थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि सिलेंडर फटने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक आशंका गैस रिसाव की जताई जा रही है। वहीं सीओ नितेश कुमार सेठ ने सभी दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी है कि वे घरेलू की बजाय कमर्शियल गैस सिलेंडर का ही उपयोग करें और सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य रूप से करें। 

प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वही अस्पताल प्रभारी ने बताया कि अस्पताल के मुख्य गेट के सामने वाहन खड़े करने से जाम की स्थिति बन जा रही है जिससे एम्बुलेंस तथा मरीजो के निजी वाहन लाने व ले जाने में काफी मशक्कत करना पड़ रहा है। वही सीओ नितेश कुमार सेठ ने सभी को चेतावनी देते हुए आगे से ऐसा होने करवाई करने की चेतावनी दी।

टिप्पणियाँ