नाबालिग किशोरी की हत्या का खुलासा, प्रेम प्रसंग और ब्लैकमेलिंग बनी वजह

बेतिया। पश्चिम चंपारण जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोरी खुशी कुमारी की हत्या के मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रेम प्रसंग, आपत्तिजनक तस्वीरों और ब्लैकमेलिंग को लेकर रची गई साजिश के तहत इस वारदात को अंजाम दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 21 जून 2026 को अमृता देवी, पति रितेश सहनी, निवासी डीके शिकारपुर, थाना शिकारपुर ने अपनी नाबालिग पुत्री खुशी कुमारी के लापता होने की सूचना दी थी। आवेदन में बताया गया कि 20 जून की सुबह करीब 10:30 बजे पड़ोस की एक नाबालिग किशोरी उसे अपने साथ लेकर गई थी, जिसके बाद खुशी घर नहीं लौटी। इस पर शिकारपुर थाना कांड संख्या 634/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान 21 जून की सुबह करीब 8:30 बजे अमवा टोला सरेह स्थित गन्ने के खेत से एक अज्ञात किशोरी का शव बरामद हुआ। बाद में अमृता देवी ने थाना पहुंचकर शव की पहचान अपनी पुत्री खुशी कुमारी के रूप में की।

पुलिस अधीक्षक, पश्चिम चंपारण के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नरकटियागंज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मानवीय साक्ष्य, सूचना संकलन, सीसीटीवी फुटेज और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर मामले का खुलासा किया।

जांच में सामने आई साजिश

पुलिस जांच में पता चला कि मृतिका खुशी कुमारी और साथ ले जाने वाली नाबालिग किशोरी एक ही स्कूल में पढ़ती थीं और दोनों के बीच दोस्ती थी। उक्त नाबालिग किशोरी का प्रेम संबंध निरंजन कुमार से था। मृतिका को न सिर्फ इस रिश्ते की जानकारी थी, बल्कि नाबालिग किशोरी की बड़ी बहन के प्रेम संबंध और उसकी एक आपत्तिजनक तस्वीर भी मृतिका के मोबाइल में थी।

इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। मृतिका द्वारा आपत्तिजनक संबंध उजागर करने की धमकी दिए जाने पर नाबालिग किशोरी ने यह जानकारी अपने प्रेमी निरंजन कुमार को दी। इसके बाद साजिश रचकर नाबालिग किशोरी ने मृतिका को आपत्तिजनक तस्वीर डिलीट कराने के बहाने सुनसान स्थान—गन्ने के खेत—में बुलाया, जहां निरंजन कुमार के साथ मिलकर मुंह और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।

बरामदगी और कार्रवाई

  • बरामद मोबाइल फोन: 03
  • अभिरक्षा में: एक विधि-विरुद्ध किशोरी
  • गिरफ्तार अभियुक्त: निरंजन कुमार, पिता नरेश साह, निवासी कुंडलपुर बरगजवा, थाना शिकारपुर, जिला पश्चिम चंपारण, बेतिया

छापामारी दल में शामिल अधिकारी

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नरकटियागंज; पु.नि. संतोष शर्मा (पर्यवेक्षी पदाधिकारी); पु.नि. मनोज कुमार सिंह (थानाध्यक्ष, शिकारपुर); तकनीकी शाखा बेतिया के अधिकारी व शिकारपुर थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

टिप्पणियाँ